सरोजिनी नगर में फिल्म के नाम को लेकर विरोध, यादव समाज ने थाने में सौंपा ज्ञापन
काठमांडू/रौतहट।
नेपाल के मधेश प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव भड़क गया। सीमावर्ती रौतहट जिला के गौर नगरपालिका क्षेत्र में मस्जिद के सामने से बारात निकाले जाने को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पथराव, आगजनी और मारपीट की घटनाओं में दो पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग घायल हो गए। हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने इलाके में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।प्रशासन के अनुसार, गौर नगरपालिका-6 स्थित सनगढ़ा गांव में गुरुवार शाम मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी। इसी दौरान मस्जिद के सामने से बारात निकली, जिसमें तेज आवाज में बाजे बज रहे थे। मुस्लिम समुदाय ने इस पर आपत्ति जताई और बारात को रोक दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी झड़प में बदल गई और पथराव शुरू हो गया।
झड़प के दौरान उपद्रवियों ने एक वाहन में आग लगा दी, जिसके बाद हालात और बिगड़ गए। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सैकड़ों दंगा पुलिस को इलाके में तैनात किया। शुक्रवार को दिनभर तनाव बना रहा, हालांकि शाम को दोनों पक्षों के बीच छह सूत्री समझौता भी हुआ।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक बार फिर दोनों समुदायों के बीच पथराव शुरू हो गया। इसका असर गौर नगरपालिका के वार्ड संख्या 4, 5 और 6 में भी देखा गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार दोपहर एक बजे से अगले आदेश तक कर्फ्यू लागू कर दिया है। दिनेश सागर भूसाल ने बताया कि पूर्व में मुडबलवा गेट, पश्चिम में लालबकैया बांध, उत्तर में बम नहर और दक्षिण में गौर भंसार कार्यालय तक कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।
उपद्रवियों ने कई घरों में तोड़फोड़ की और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, छह मोटरसाइकिल और दो जीप जलाए जाने की पुष्टि हुई है। गौर नगरपालिका-4 के मचकुटिया टोल में एक स्कूटर को भी आग लगा दी गई।
कर्फ्यू, नेपाली पुलिस और नेपाली सेना की तैनाती के बाद गौर का मुख्य सड़क क्षेत्र अपेक्षाकृत शांत है, लेकिन भीतरी इलाकों में अब भी तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Sainv Sandesh
पड़ोसी देशों से जुड़ी हर बड़ी और विश्वसनीय खबर, सबसे पहले।
Comments
Post a Comment