UP: लखनऊ में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.60 करोड़ की ठगी, डीमैट अकाउंट बंद कर फरार हुए जालसाज
लखनऊ। राजधानी में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां साइबर जालसाजों ने एक व्यक्ति से करीब 1.60 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित महेंद्र के अनुसार, फरवरी महीने में उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अल्मांडज ग्लोबल सिक्योरिटीज प्रा. लि. का अधिकारी बताते हुए शेयर ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। बातों में आकर महेंद्र ने निवेश के लिए सहमति दे दी।
इसके बाद जालसाजों ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप “एलाइट कोर231” और “1वी1 एडवांसड” में जोड़ दिया। ग्रुप के एडमिन ने उनका डीमैट अकाउंट खुलवाने का दावा करते हुए 10 फरवरी से 13 मार्च के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 31 बार पैसे ट्रांसफर करवाए, जो मिलाकर 1.60 करोड़ रुपये हो गए।
महेंद्र का कहना है कि जब उन्हें मुनाफा दिखाया गया और उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने 20 प्रतिशत सर्विस चार्ज की मांग रख दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनका डीमैट अकाउंट बंद कर दिया गया और संपर्क भी तोड़ लिया गया।
मामले में ब्रजेश यादव (इंस्पेक्टर) ने बताया कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
Join the conversation