राम मंदिर दान प्रकरण: रुदौली से लाखों रुपये बरामद, आरोपी के परिवार ने जताई बेगुनाही

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से धनराशि के कथित गबन मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में छापेमारी कर लाखों रुपये की नकदी बरामद किए जाने की सूचना सामने आई है। यह कार्रवाई मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई। 

PHOTO: AUP

जानकारी के अनुसार, बरामद नकदी मंदिर में कार्यरत रहे युवक लवकुश मिश्रा के घर से मिली है। उस पर मंदिर के दानपात्र से प्राप्त धन के दुरुपयोग और गबन का आरोप लगाया गया है। हालांकि, परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए युवक को निर्दोष बताया है।

परिवार ने बताया साजिश

लवकुश के पिता बच्चूलाल मिश्रा का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोग और पुलिस अधिकारी उनके घर पहुंचे और वहां रखी नकदी अपने साथ ले गए। उनका दावा है कि परिवार का इस कथित धनराशि से कोई संबंध नहीं है और बेटे को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में बन रहा मकान उनकी निजी संपत्ति है, जिसका खर्च उन्होंने अपनी कृषि भूमि गिरवी रखकर जुटाया है। मकान निर्माण और बेटे की नौकरी का आपस में कोई संबंध नहीं है।

मंदिर में नौकरी के बाद बदली आर्थिक स्थिति

गांव के लोगों के मुताबिक, लवकुश पहले वाहन मरम्मत का काम करता था। करीब एक वर्ष पहले उसे राम मंदिर ट्रस्ट में नौकरी मिली थी। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव आने पर वह खुलकर खर्च करता था, जिससे लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता था।

छिपाई गई रकम मिलने की चर्चा

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुछ नकदी गांव में एक स्थान पर छिपाकर रखी गई थी, जिसे जांच के दौरान बरामद किया गया। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जांच जारी, कई पहलुओं की पड़ताल

मामले में पुलिस और संबंधित एजेंसियां बरामद धनराशि के स्रोत, उपयोग और संभावित गबन की कड़ियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

राम मंदिर दान राशि से जुड़े इस प्रकरण ने क्षेत्र में व्यापक चर्चा छेड़ दी है। वहीं, आरोपी का परिवार लगातार न्यायपूर्ण जांच की मांग कर रहा है और युवक की बेगुनाही का दावा कर रहा है।

📺 Live News Videos

Sainv Makeover & Academy | Beauty Parlour Course Admission Open | 📧 sainvmakeoverandacademy@gmail.com | 📞 7007909006 | आज ही अपना Admission सुनिश्चित करें।