Ayodhya News: अयोध्या के धन्नीपुर में जल्द शुरू हो सकता है मस्जिद निर्माण, 300 करोड़ की योजना घटकर 5 करोड़ हुई
अयोध्या के धन्नीपुर में मुस्लिम समुदाय को आवंटित पांच एकड़ भूमि पर मस्जिद निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन (IICF) ने पहले प्रस्तावित करीब 300 करोड़ रुपये की परियोजना को संशोधित करते हुए अब करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से मस्जिद निर्माण शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित मस्जिद का नाम "मोहम्मद बिन अब्दुल्ला" रखा जाएगा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष जुफर अहमद फारुकी के अनुसार, मस्जिद का निर्माण लगभग 15 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में किया जाएगा, जबकि इसका आच्छादित क्षेत्र करीब 3,500 वर्ग फीट होगा। मस्जिद का संशोधित नक्शा अगले 20 दिनों के भीतर संबंधित प्राधिकरण के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। नक्शा मंजूर होते ही निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।
निर्माण में पहले आई थीं कई बाधाएं
फाउंडेशन का कहना है कि मस्जिद निर्माण की मूल योजना विभिन्न कारणों से आगे नहीं बढ़ सकी। मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने गुंबद शैली की मस्जिद बनाने की मांग रखी थी। वहीं, अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिलने के कारण भी परियोजना में देरी हुई। अब समुदाय की मांग के अनुरूप नया गुंबदीय डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
ट्रस्ट के पास डेढ़ करोड़ रुपये उपलब्ध
फाउंडेशन के अनुसार, ट्रस्ट के कोष में फिलहाल करीब 1.5 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। इसी राशि से नक्शा स्वीकृत कराने और प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। शेष करीब 3.5 करोड़ रुपये लखनऊ, अयोध्या और आसपास के जिलों से जनसहयोग के माध्यम से जुटाने की योजना है।
फिलहाल खेल मैदान के रूप में हो रहा उपयोग
धन्नीपुर स्थित यह भूमि वर्तमान में गांव के बच्चों के लिए क्रिकेट खेलने के मैदान के रूप में उपयोग हो रही है। पहले यहां स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते थे।
निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यह परियोजना अयोध्या में प्रस्तावित धार्मिक और सामाजिक विकास योजनाओं में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Join the conversation