Ayodhya News: चातुर्मास में चंपत राय का विशेष संकल्प, रोजाना 6 घंटे रखेंगे मौन व्रत, करेंगे राम नाम का जाप
अयोध्या | साईनव संदेश
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने चातुर्मास के अवसर पर विशेष धार्मिक संकल्प लिया है। 80 वर्षीय चंपत राय अब एक माह तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक छह घंटे का मौन व्रत रखेंगे। इस दौरान वे रामचरितमानस का पारायण और राम मंत्र का जाप करेंगे।
बताया गया है कि चंपत राय ने यह संकल्प चातुर्मास के पहले दिन से शुरू किया है। इस अवधि में उन्होंने सार्वजनिक गतिविधियों को सीमित रखते हुए बहुत कम लोगों से मिलने का निर्णय भी लिया है।
तीर्थ क्षेत्र भवन में कर रहे हैं साधना
जानकारी के अनुसार, चंपत राय पिछले करीब एक महीने से सार्वजनिक जीवन से लगभग दूर हैं। वह राम मंदिर परिसर से करीब 200 मीटर दूर स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में रह रहे हैं और अपना अधिकांश समय धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन, ध्यान और पूजा-अर्चना में व्यतीत कर रहे हैं।
धार्मिक अनुष्ठान पर रहेगा पूरा ध्यान
चातुर्मास के दौरान उनका मुख्य फोकस मौन साधना, राम नाम का जाप और रामचरितमानस का नियमित पारायण रहेगा। माना जाता है कि हिंदू धर्म में चातुर्मास आध्यात्मिक साधना, संयम और उपासना का विशेष काल माना जाता है।
Join the conversation