यूपी: भूमि आवंटन अनियमितता के आरोप में सुल्तानपुर के एसडीएम करन सिंह निलंबित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने भूमि आवंटन में कथित अनियमितताओं के आरोपों के चलते सुल्तानपुर में तैनात उप जिलाधिकारी (एसडीएम) करन सिंह को निलंबित कर दिया है। शासन की ओर से देर रात जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्रयागराज मंडलायुक्त कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले में विभागीय जांच भी कराई जाएगी।
सरकारी जानकारी के अनुसार, करन सिंह पर संभल जिले की गुन्नौर तहसील में तहसीलदार के रूप में तैनाती के दौरान सरकारी भूमि के आवंटन में नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। बताया गया है कि ग्राम सुखैला असदपुर में श्रेणी-5(3) के अंतर्गत दर्ज झाऊ खाते की भूमि तथा श्रेणी-6(4) (रेता) की सरकारी भूमि का कथित रूप से नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किए बिना आवंटन किया गया।
इस मामले की जांच के बाद संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने शासन को अपनी रिपोर्ट भेजते हुए करन सिंह के निलंबन की संस्तुति की थी। रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
शासन के आदेश के मुताबिक, मामले की विस्तृत विभागीय जांच कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Join the conversation