Lucknow News: 14 प्लॉटों के नाम पर ₹5.67 करोड़ की कथित ठगी, दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
लखनऊ | साईनव संदेश
राजधानी लखनऊ में स्कूल और कॉलेज के लिए जमीन दिलाने के नाम पर ₹5.67 करोड़ की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित के आदेश के बाद चौक पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चौक क्षेत्र के सराय आगामीर ड्योढ़ी निवासी एवं कॅरिअर कॉन्वेंट एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी मो. इकबाल ने आरोप लगाया है कि अयोध्या रोड निवासी भोला नाथ शुक्ला और विनय कुमार शुक्ला ने खुद को त्रिपुरारी सेल्टर्स प्रा. लि. का निदेशक बताकर बख्शी का तालाब क्षेत्र के महोना में स्थित 14 प्लॉट उन्हें ₹5.67 करोड़ में बेच दिए और उनकी रजिस्ट्री भी करा दी।
पीड़ित का कहना है कि 1 मई को जब स्कूल निर्माण कार्य शुरू कराया गया, तब एक बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचा और बताया कि संबंधित जमीन बैंक में गिरवी रखी गई है। बैंक से लिए गए ऋण की किस्तें जमा न होने के कारण जमीन पर बैंक का दावा है और आगे कब्जे की कार्रवाई की जा सकती है।
शिकायत के अनुसार, यह भी जानकारी मिली कि संबंधित जमीन वर्ष 1985 में ही मोहित सेठी नामक व्यक्ति को बेची जा चुकी थी। आरोप है कि जब इस मामले का विरोध किया गया तो आरोपियों ने धमकी भी दी।
इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना दारोगा अखिलेश कुमार मिश्रा कर रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
— साईनव संदेश | लखनऊ
Join the conversation