Lucknow News: आरा मशीन संचालक पर फायरिंग और लूट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

 लखनऊ | साईनव संदेश

राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में आरा मशीन संचालक पर फायरिंग और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ₹4,000 नकद बरामद किए हैं।

Photo AUP

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की रात ऐशबाग निवासी आरा मशीन संचालक जितेंद्र सिंह और उनके साथी पर हमला किया गया था। ट्रक से तार टूटने के विवाद के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से जितेंद्र सिंह की लाइसेंसी पिस्तौल और मोबाइल फोन लूट लिया तथा उनके ऊपर फायरिंग भी की।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने किसान पथ स्थित बाबूरिया खेड़ा अंडरपास के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय राजपूत, अंकित राजपूत, विनय कुमार रावत, मोहित यादव और पंकज कुमार के रूप में हुई है।

एसीपी शकील अहमद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनय राजपूत, अंकित राजपूत और विनय कुमार रावत के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

टिंबर व्यापारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश टिंबर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने काकोरी पुलिस से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहनीश त्रिवेदी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

— साईनव संदेश | लखनऊ

📺 Live News Videos