Lucknow News: लोकभवन के बाहर चाचा-भतीजे ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने समय रहते बचाया

लखनऊ | साईनव संदेश

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को लोकभवन के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान एक चाचा-भतीजे ने आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस और आत्मदाह निरोधक टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित पकड़ लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

Photo AUP
लोकभवन के बाहर आत्मदाह का प्रयास करने वाले राम गणेश व सतीश।

पुलिस के अनुसार, दुबग्गा थाना क्षेत्र के लीलाखेड़ा कटौली गांव निवासी राम गणेश और उनके भतीजे सतीश कुमार गौतम सुबह करीब 11 बजे लोकभवन के गेट नंबर-9 पर पहुंचे। दोनों ने अपने ऊपर बोतल में रखा ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर घटना को टाल दिया।

पीड़ितों का आरोप है कि गांव की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और लंबे समय से प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

वहीं, एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि 8 जुलाई को लेखपाल द्वारा भूमि की पैमाइश की गई थी, जिसमें संबंधित जमीन पर उनका हिस्सा नहीं पाया गया। इसके अलावा तहसील मलिहाबाद में दायर उनका वाद भी पहले ही खारिज किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि दोनों अधिकारियों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से आत्मदाह करने पहुंचे थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे किसी के बहकावे में आकर यह कदम उठाने पहुंचे थे। मामले में उकसाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज थाने में हेड कांस्टेबल जय प्रकाश शुक्ला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

📺 Live News Videos