UP Monsoon Session: 3 अगस्त से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट; कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

लखनऊ | साईनव संदेश

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें सरकार 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलने की संभावना है।

Photo AUP

पहले दिन शोक प्रस्ताव के बाद स्थगित होगी कार्यवाही

सत्र के पहले दिन 3 अगस्त को आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा जाएगा। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।

4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट

सरकार 4 अगस्त को दोपहर 12:20 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक अनुदानों की मांग सदन में प्रस्तुत करेगी। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार इस बजट में नई योजनाओं और कुछ लोककल्याणकारी घोषणाओं का भी ऐलान कर सकती है।

5 और 6 अगस्त का कार्यक्रम

  • 5 अगस्त: विधायी कार्य एवं अन्य सरकारी कार्यों का निपटारा।
  • 6 अगस्त: अनुपूरक बजट पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया।

कई अध्यादेशों की जगह आएंगे विधेयक

योगी सरकार पिछले विधानसभा सत्र के बाद 9 अध्यादेश जारी कर चुकी है। अब इन अध्यादेशों के स्थान पर प्रतिस्थानी विधेयक इस मानसून सत्र में पेश किए जा सकते हैं। इनमें राजस्व संहिता, निजी विश्वविद्यालय, लोक सेवा अधिकरण और वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से जुड़े संशोधन शामिल हैं।

इन अहम रिपोर्टों पर भी रहेगी नजर

मानसून सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विभागों से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) की रिपोर्टें भी सदन में रखेगी। इसके अलावा संभल की शाही जामा मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग की रिपोर्ट भी सदन में पेश किए जाने की संभावना है।

— साईनव संदेश | उत्तर प्रदेश समाचार

📺 Live News Videos

Sainv Makeover & Academy | Beauty Parlour Course Admission Open | 📧 sainvmakeoverandacademy@gmail.com | 📞 7007909006 | आज ही अपना Admission सुनिश्चित करें।