UP Weather: 3 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगी गर्मी और उमस; तराई के इन जिलों में बरसेंगे बादल
लखनऊ | साईनव संदेश
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज से 3 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान केवल पश्चिमी तराई और कुछ चुनिंदा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है, जबकि बाकी इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सहारनपुर, बिजनौर और पश्चिमी तराई के जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, मध्य प्रदेश से सटे दक्षिणी जिलों और कुछ अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
अवध और पूर्वांचल में बढ़ेगी उमस
बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से अवध, पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना जताई है।
20 से 30 किमी प्रति घंटे की चलेगी पुरवाई
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले दो दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवाएं (पुरवाई) चलने का अनुमान है। इससे तापमान में बहुत अधिक बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस बनी रह सकती है।
3-4 अगस्त से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 से 4 अगस्त के आसपास मानसून ट्रफ के दोबारा उत्तर की ओर खिसकने से प्रदेश में एक बार फिर व्यापक और अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
लखनऊ में भी फिलहाल राहत के आसार नहीं
राजधानी लखनऊ में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना कम है। बुधवार को दिन में धूप निकलने से उमस बढ़ गई। शहर का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
— साईनव संदेश | मौसम समाचार
Join the conversation