Delhi News: ‘चंदा चोरी’ के नाटक पर घमासान, राहुल गांधी-पप्पू यादव-अवधेश प्रसाद के खिलाफ पुलिस में शिकायत
संसद परिसर में अयोध्या राम मंदिर के चंदे से जुड़े कथित गबन के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को नई दिल्ली के डीसीपी को लिखित शिकायत दी। शिकायत में विपक्षी नेताओं पर हिंदू धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है।
किन नेताओं के खिलाफ शिकायत?
भाजपा की शिकायत में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के नाम शामिल हैं। शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया है कि संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन को राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश कुमार और ‘इंडी’ गठबंधन के अन्य सांसदों का समर्थन प्राप्त था।
शिकायत में गृह मंत्री, दिल्ली पुलिस आयुक्त, संबंधित डीसीपी और जहांगीरपुरी थाना प्रभारी से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या है पूरा विवाद?
शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर में चंदे के कथित गबन के मुद्दे को लेकर एक प्रतीकात्मक नुक्कड़ नाटक किया था। इस दौरान पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए।
भाजपा ने इस प्रदर्शन पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि भगवा वस्त्र और धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल के जरिए संत समाज और हिंदू आस्था का अपमान किया गया।
भाजपा ने की एफआईआर की मांग
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि विरोध के नाम पर किया गया यह प्रदर्शन सनातन संस्कृति और संत समाज का मजाक उड़ाने वाला था। भाजपा नेताओं ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने भी आरोप लगाया कि भगवा वस्त्रों का इस्तेमाल जानबूझकर किया गया, जिससे पूरे संत समाज को लेकर आपत्तिजनक संदेश गया।
शिकायत में क्या आरोप लगाए गए?
डीसीपी को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र और तिलक जैसे धार्मिक प्रतीकों का सार्वजनिक रूप से उपहास किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रदर्शन से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
जहांगीरपुरी और वाराणसी में भी शिकायत
इस प्रदर्शन को लेकर पप्पू यादव के खिलाफ जहांगीरपुरी थाने में भी शिकायत दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। वहीं वाराणसी में भी साधु-संतों और वकीलों ने प्रदर्शन पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पुलिस शिकायतों पर क्या कार्रवाई करती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Join the conversation