Lucknow News: चार राज्यों के प्रभारी पद से हटाए गए अशोक सिद्धार्थ, मायावती ने बसपा संगठन में किया फेरबदल

लखनऊ | साईनव संदेश

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को केरल, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अशोक सिद्धार्थ के करीबी नितिन सिंह को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है।

Photo AUP

यूपी में मिल सकती है नई जिम्मेदारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अशोक सिद्धार्थ को उत्तर प्रदेश में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र मंडल की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है।

अशोक सिद्धार्थ बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के ससुर हैं। पिछले वर्ष मायावती ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया था। हालांकि करीब छह महीने बाद उन्हें आकाश आनंद के साथ पार्टी में वापस ले लिया गया था।

राजाराम को तीन राज्यों का अतिरिक्त प्रभार

संगठन में किए गए बदलाव के तहत नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी राजाराम को अब केरल, गुजरात और कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं नेशनल कोऑर्डिनेटर रामजी गौतम को दिल्ली में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पंजाब के प्रभारी पद से भी हटा दिया गया है।

रणधीर सिंह बेनीवाल को पंजाब की जिम्मेदारी

पंजाब के प्रभारी पद की जिम्मेदारी अब रणधीर सिंह बेनीवाल को दी गई है। बेनीवाल हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।

बसपा में हुए इस फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और अलग-अलग राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

📺 Live News Videos