UP ITI Admission 2026-27: आवेदन की तारीख बढ़ी, 7 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 7 अगस्त की रात 12 बजे तक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कर सकेंगे।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न राजकीय एवं निजी आईटीआई में संचालित व्यवसायों, टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 211 राजकीय संस्थानों में संचालित 10 दीर्घकालीन व्यवसायों तथा पीपीपी मॉडल पर संचालित राजकीय संस्थानों के विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश के लिए यह तिथि बढ़ाई गई है।

पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 4 अगस्त निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 अगस्त कर दिया गया है।

आवेदन में गलती सुधारने के लिए 48 घंटे

विशेष सचिव व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग एवं अधिशासी निदेशक एससीवीटी अभिषेक सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में दर्ज जानकारी में किसी तरह की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को संशोधन के लिए 48 घंटे का समय दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश ई-फॉर्म के रूप में परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।

अलग-अलग वर्ग के लिए आवेदन शुल्क

प्रवेश के लिए पंजीकरण शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है:

  • सामान्य और पिछड़ा वर्ग: ₹300
  • अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति: ₹250
  • सभी महिला अभ्यर्थी: ₹100

हेल्प डेस्क से ले सकते हैं सहायता

आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

हेल्प डेस्क: 0522-4150500, 7897992063
दूरभाष: 0522-2336115
व्हाट्सऐप: 9628372929
ई-मेल: help@admissionscvtup.in

आवेदन वेबसाइट: www.scvtup.in

📺 Live News Videos