Kanpur News : कानपुर में खुला पड़ा था सीवर का गड्ढा, बाइक समेत गिरा डिलीवरी बॉय; गंभीर घायल
कानपुर। जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड में सड़क पर खुला पड़ा करीब चार फीट गहरा सीवर का गड्ढा एक डिलीवरी बॉय के लिए हादसे का कारण बन गया। मंगलवार देर रात अंधेरे के कारण बाइक सवार युवक को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वह बाइक समेत उसमें जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे पास के एक नर्सिंगहोम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में परिजन उसे रामादेवी स्थित दूसरे नर्सिंगहोम लेकर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय नितिन गुप्ता, निवासी सुभाष रोड के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे में उसकी नाक की हड्डी टूट गई है।
अंधेरे में नहीं दिखाई दिया खुला गड्ढा
स्थानीय निवासी इमरान के अनुसार, डिलीवरी बॉय पुल की तरफ से ऑर्डर लेकर हिंदुस्तान कंपाउंड की ओर आ रहा था। सड़क पर अंधेरा होने के कारण उसे सामने खुला पड़ा गड्ढा दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उसमें जा गिरी। बाइक के नीचे दबे युवक की चीखें सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बाहर निकाला।
घायल युवक हादसे के समय हेलमेट पहने था। इसके चलते उसके सिर में गंभीर चोट नहीं आई।
टेनरी वेस्ट लाइन टूटने के बाद बना था गड्ढा
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के नीचे टेनरी वेस्ट की लाइन पड़ी है, जो काफी संकरी थी। इसके कारण आसपास गंदा पानी भरने की समस्या भी रहती थी। इसी लाइन के जरिए टेनरियों का पानी जटेटा के बाजिदपुर स्थित सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) तक जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले महीने लाइन टूट गई थी, जिससे सड़क पर गड्ढा हो गया। करीब 15 दिन पहले टूटी लाइन को चौड़े पाइप से जोड़ दिया गया, लेकिन इसके बाद गड्ढे को नहीं भरा गया।
करीब चार फीट गहरे और लगभग 11 मीटर लंबे गड्ढे के कारण राहगीरों के लिए लगातार खतरा बना हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास पोल तो लगे हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में सड़क पर अंधेरा रहता है और गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों का दावा है कि इस गड्ढे में पहले भी बाइक सवार और अन्य राहगीर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग या पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होती तो हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय निवासी आशीष, रमेश और फैजान ने नगर निगम से तत्काल गड्ढा भरने, सड़क की मरम्मत कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा
हिंदुस्तान कंपाउंड के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में डिलीवरी बॉय बाइक से सड़क पर आता दिखाई देता है। कुछ ही सेकेंड बाद उसकी बाइक सीधे खुले गड्ढे में चली जाती है और युवक भी बाइक समेत उसमें गिर जाता है।
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
Join the conversation