Mumbai News : Air Pollution 1000 से ज्यादा कंस्ट्रक्शन साइट्स को काम रोकने का नोटिस, सरकार का बड़ा एक्शन
मुंबई। बढ़ते वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बड़ा कदम उठाया है। नियमों का उल्लंघन करने वाली 1000 से अधिक कंस्ट्रक्शन साइट्स को काम रोकने का नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई राज्य सरकार के क्लीन एयर अभियान के तहत की गई है।
विधानसभा में दी जानकारी
राज्य की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने मंगलवार को विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई में 1,047 कंस्ट्रक्शन साइट्स को काम बंद करने का आदेश दिया गया है। अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कुल 1,981 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
AQI पर सरकार का दावा
मंत्री ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को लेकर सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट की बातों से इनकार किया। उन्होंने बीएमसी और नवी मुंबई नगर निगम (एनएमएमसी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि शहर में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक (51-100) और मध्यम (101-200) श्रेणी में है। बच्चों और बुजुर्गों पर किसी गंभीर दुष्प्रभाव की पुष्टि नहीं हुई है।
टेक्नोलॉजी से निगरानी
सरकार ने बताया कि जनवरी तक मुंबई की 2,224 कंस्ट्रक्शन साइट्स में से 1,952 पर एयर क्वालिटी सेंसर लगाए जा चुके हैं। सेंसर न लगाने के कारण 16 जनवरी को 678 प्रोजेक्ट्स का काम रोक दिया गया था।
उल्लंघन करने वालों पर सख्ती
पर्यावरण नियमों का पालन न करने वाले प्रोजेक्ट्स को पहले औपचारिक सूचना दी जाती है। इसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। नियमों की अनदेखी जारी रहने पर काम बंद करने का आदेश दिया जाता है।
धूल रोकने के लिए विशेष अभियान
बीएमसी के 25 वार्ड-स्तरीय उड़नदस्तों ने अवैध मलबा ढुलाई करने वालों पर कार्रवाई की है। अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच 1.21 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
धूल नियंत्रण के लिए 126 पानी के टैंकर और 25 मिस्टिंग मशीनें तैनात की गई हैं। इनके जरिए 14,408 किलोमीटर सड़कों की धुलाई की जा चुकी है।
.png)
Join the conversation