Lucknow News: लखनऊ भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, दोपहर 12:30 के बाद नहीं चलेंगी कक्षाएं
लखनऊ में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव का बड़ा फैसला लिया है। Lucknow में अब प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी बोर्डों के सरकारी और निजी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी विशाख जी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह नई व्यवस्था 22 अप्रैल से लागू कर दी गई है और अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
दरअसल, इससे पहले बेसिक शिक्षा विभाग ने भी सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया था। अब सभी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई सुबह 7:30 बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि शिक्षक और अन्य स्टाफ दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में मौजूद रहेंगे।
नई समय-सारणी के तहत प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होंगे, वहीं मध्यावकाश का समय सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
तेज गर्मी से बच्चों को राहत देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे अभिभावकों और शिक्षक संगठनों की ओर से भी स्कूल टाइमिंग में बदलाव की मांग की जा रही थी।
प्रशासन के इस फैसले से छात्रों को गर्मी के प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी और पढ़ाई भी सुरक्षित वातावरण में जारी रह सकेगी।
Join the conversation