Lucknow News: लखनऊ हाईकोर्ट में हंगामा: महिला बच्चे संग छत पर चढ़ी, कूदने की दी चेतावनी
लखनऊ। राजधानी के हाईकोर्ट लखनऊ बेंच परिसर में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने तीन माह के मासूम बच्चे के साथ छत पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा बलों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
महिला की पहचान छपिया (गोंडा) निवासी रूपाली शर्मा (30) के रूप में हुई है। घटना विभूतिखंड इलाके में स्थित हाईकोर्ट परिसर की है।
पुलिस के अनुसार, रूपाली का अपने पति मो. साबिर अली, निवासी नारायणपुर से पारिवारिक विवाद चल रहा है। वर्ष 2024 में उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसी सिलसिले में वह शुक्रवार को अपने अधिवक्ता से मिलने कोर्ट पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि बातचीत से संतुष्ट न होने पर रूपाली अचानक बच्चे के साथ छत पर चढ़ गई और कूदने की चेतावनी देने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया और आखिरकार सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि महिला को प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
Join the conversation