UP NEWS: यूपी की अंतिम मतदाता सूची जारी: SIR के बाद 2 करोड़ नाम हटे, कुल वोटर 13.39 करोड़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बाद राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के जरिए यह जानकारी साझा की।
नई सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की हिस्सेदारी 54.54 प्रतिशत और महिला मतदाताओं की 45.46 प्रतिशत है, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,206 बताई गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इससे पहले 27 अक्टूबर 2025 को जारी सूची में करीब 15.44 करोड़ मतदाता थे, लेकिन SIR प्रक्रिया के बाद करीब 2.05 करोड़ नाम सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि 6 जनवरी को जारी मसौदा सूची के मुकाबले अंतिम सूची में 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। जिन लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
मतदाताओं का विवरण:
- पुरुष मतदाता: 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61
- महिला मतदाता: 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525
- तृतीय लिंग: 4,206
- 18-19 आयु वर्ग: 17 लाख 63 हजार 360
इन जिलों में सबसे ज्यादा बढ़े मतदाता:
अंतिम सूची के अनुसार प्रयागराज में सबसे अधिक 3.29 लाख मतदाता बढ़े हैं। इसके बाद लखनऊ (2.85 लाख), बरेली (2.57 लाख), गाजियाबाद (2.43 लाख) और जौनपुर (2.37 लाख) में वृद्धि दर्ज की गई है।
बताया गया कि 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची में 12.55 करोड़ मतदाता थे, जिस पर 6 मार्च तक दावे और आपत्तियां मांगी गईं। इस दौरान 86.69 लाख लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया, जबकि 3.18 लाख लोगों ने नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा।
चुनाव विभाग के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी सामने आए जहां नामों में तार्किक विसंगतियां और पारिवारिक मिलान में अंतर पाया गया, जिसके चलते सत्यापन के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया।
Join the conversation