केशव प्रसाद मौर्य बोले- ‘वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025’ बनेगा गांवों के विकास का नया मॉडल

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ‘विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025’ ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने इसे गांवों के व्यापक विकास और बदलाव का “महासंकल्प” बताया।

मंगलवार को जारी अपने बयान में डिप्टी सीएम ने कहा कि किसी भी प्रदेश और देश की वास्तविक प्रगति गांवों के विकास से ही संभव है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानूनी व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र उत्थान का विजन है।

गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। बेहतर सड़कें, जल संरक्षण, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्राथमिकता में रहेगा, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर सुधर सके।

उन्होंने कहा कि जब गांव आधुनिक संसाधनों से सशक्त होंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो पाएगा।

युवाओं, महिलाओं और किसानों को मिलेगा लाभ

डिप्टी सीएम के अनुसार यह अधिनियम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा और युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और पलायन की समस्या में भी कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों को केवल सुविधायुक्त बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

मौर्य ने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025’ आने वाले समय में ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बनेगा और प्रदेश के गांवों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

📺 Live News Videos