E-Paper (Edition)

Sainv Sandesh का E-Paper अब पढ़ें ऑनलाइन।

Read Weekly E-Paper

Lucknow News: लखनऊ: तालाब में मिला 16 वर्षीय किशोरी का शव, पास से मिला सुसाइड नोट

लखनऊ। राजधानी के गोसाईंगंज क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सीतापुर के सुभाष नगर निवासी 16 वर्षीय आम्रपाली कुछ दिन पहले सराय करोरा गांव स्थित अपनी बुआ के घर आई हुई थी। शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सभी लोग सो गए। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में किशोरी का शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में किशोरी रात करीब एक बजे अकेले तालाब की ओर जाती हुई दिखाई दी।

मौके से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, नोट में किशोरी ने अपनी मां से माफी मांगी है और परिवार के सदस्यों के लिए भावनात्मक बातें लिखी हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी के पिता का वर्ष 2022 में निधन हो चुका था। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📺 Live News Videos