Lucknow News: सरोजनीनगर में डिजिटल शिक्षा को नई उड़ान, 17 केंद्रों से 1000 से अधिक युवाओं को मिला प्रशिक्षण

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई डिजिटल शिक्षा पहल लगातार विस्तार ले रही है। इस पहल के तहत क्षेत्र में संचालित 17 रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं युवा सशक्तीकरण केंद्रों के माध्यम से अब तक एक हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न डिजिटल एवं कंप्यूटर आधारित पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इन केंद्रों पर जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीसीए, एडीसीए, सीसीसी, ओ-लेवल, ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग और 3डी एनिमेशन जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शामिल हैं। वर्तमान समय में 480 से अधिक विद्यार्थी इन केंद्रों पर नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

डिजिटल शिक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। 17 केंद्रों में से सात स्थानों पर ई-गवर्नेंस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक सात हजार से अधिक लोगों को आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, छात्रवृत्ति, पेंशन और आधार से जुड़ी विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल चुका है।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उनका उद्देश्य सरोजनीनगर के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और उत्तर प्रदेश सरकार के डिजिटल उत्तर प्रदेश के विजन को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

📺 Live News Videos