Lucknow News: लखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा एक्शन, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर 71 इमारतें सील, 83 को नोटिस
लखनऊ। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने विभिन्न विभागों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाली 71 व्यावसायिक इमारतों को सील कर दिया, जबकि 83 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए।
एलडीए की टीम ने अग्निशमन और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई कोचिंग संस्थान, होटल, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और लाइब्रेरी में अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम नहीं पाए गए। कई भवनों में आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी, कहीं रास्ते बेहद संकरे मिले तो कई स्थानों पर निर्धारित सेटबैक क्षेत्र पर अतिक्रमण पाया गया।
हजरतगंज समेत कई इलाकों में हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट परिसर में भी कार्रवाई की गई। एलडीए ने मानचित्र के विपरीत उपयोग किए जा रहे भवनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर दो कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत मानचित्र के विपरीत भवनों का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसी प्रकार गोमतीनगर, अलीगंज, आलमबाग और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।
अग्निकांड की जांच में जुटी पुलिस
अलीगंज अग्निकांड की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस ने एक बार फिर घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और भवन का नजरी नक्शा तैयार किया। जांच अधिकारी ने एलडीए, नगर निगम, बिजली विभाग और विद्युत निदेशालय से भवन से जुड़े सभी अभिलेख और वर्ष 2016 से अब तक की जानकारी मांगी है।
पुलिस भवन के नक्शे, बिजली कनेक्शन, हाउस टैक्स, लाइसेंस और अन्य अनुमतियों की भी जांच कर रही है, ताकि हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही का पता लगाया जा सके।
भवन स्वामी की अन्य संपत्तियां भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसियां भवन स्वामी की अन्य संपत्तियों की भी जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि कहीं अन्य इमारतों में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Join the conversation