Lucknow News:यूपी भाजपा की नई प्रदेश टीम घोषित, लखनऊ के पांच नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
64 सदस्यीय कार्यकारिणी में राजधानी का बढ़ा प्रतिनिधित्व, संगठन ने कई प्रमुख पदों पर लखनऊ के चेहरों पर जताया भरोसा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की नई प्रदेश कार्यकारिणी में राजधानी लखनऊ के नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित 64 सदस्यीय टीम में लखनऊ से पांच नेताओं को अलग-अलग प्रमुख पदों पर स्थान मिला है।
नई कार्यकारिणी में डॉ. नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और प्रदेश स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री के पद पर अभिजात मिश्रा और शंकर सिंह लोधी की नियुक्ति की गई है। दोनों नेताओं को संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का अनुभव है और आगामी चुनावी तैयारियों के मद्देनजर उनकी जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है।
वहीं, राहुल वाल्मीकि को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। दलित समाज से आने वाले राहुल संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके अलावा मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी में लखनऊ के पांच नेताओं को प्रतिनिधित्व दिए जाने से यह संकेत मिलता है कि राजधानी आगामी संगठनात्मक रणनीति और चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अब नई टीम के सामने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी।
Join the conversation