E-Paper (Edition)

Sainv Sandesh का E-Paper अब पढ़ें ऑनलाइन।

Read Weekly E-Paper

यूपी: आज होगी योगी कैबिनेट की अहम बैठक, होमगार्डों के लिए कैशलेस इलाज समेत कई बड़े प्रस्तावों पर फैसला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में करीब 21 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है। इनमें होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा, नई स्टार्टअप नीति और विभिन्न विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसे अहम विषय शामिल हैं।


Photo: AUP

सूत्रों के अनुसार, बैठक में होमगार्ड स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के उद्देश्य से कैशलेस चिकित्सा योजना लागू करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके तहत चयनित अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का उपचार नकदरहित तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कैबिनेट के एजेंडे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की कुछ विभागों में सीधी भर्ती का प्रस्ताव भी शामिल है। साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की पेंशन में वृद्धि संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।

स्टार्टअप और शिक्षा पर रहेगा फोकस

प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति 2026 को मंजूरी मिल सकती है। इसमें युवा उद्यमियों को सब्सिडी, प्रोत्साहन और अन्य रियायतें देने का प्रावधान प्रस्तावित है।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कानपुर के बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना संबंधी प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जाएंगे।

इन प्रस्तावों पर भी हो सकती है चर्चा

  • मदरसा शिक्षा परिषद के शिक्षकों को असामयिक मृत्यु की स्थिति में ग्रेच्युटी भुगतान

  • मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना

  • गोरखपुर में 100 बेड अस्पताल के लिए भूमि आवंटन

  • गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगम के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की अनुमति

  • वाराणसी रोपवे परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराना

  • स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) संचालन नीति

  • विभिन्न सेवा नियमावलियों में संशोधन

राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास और निवेश से जुड़े कई फैसलों पर अंतिम मुहर लग सकती है।

📺 Live News Videos

Sainv Makeover & Academy | Beauty Parlour Course Admission Open | 📧 sainvmakeoverandacademy@gmail.com | 📞 7007909006 | आज ही अपना Admission सुनिश्चित करें।