Delhi News: संसद मार्च से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर, 5,000 से अधिक जवान तैनात; कई इलाके नो-गो जोन घोषित
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी, विशेषकर लुटियंस दिल्ली और संसद परिसर के आसपास के इलाकों को सुरक्षा घेरे में लेते हुए 5,000 से अधिक पुलिस एवं केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात किए हैं। कई संवेदनशील क्षेत्रों को नो-गो जोन घोषित किया गया है।
15 सुरक्षा जोन में बांटी गई राजधानी
दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले को 15 सुरक्षा जोनों में विभाजित किया है। संसद भवन, प्रधानमंत्री आवास, केंद्रीय सचिवालय, जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बैरिकेडिंग, एंटी-सैबोटाज जांच और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
बिना अनुमति मार्च पर रोक
पुलिस के अनुसार प्रस्तावित मार्च के लिए कोई अनुमति न तो मांगी गई है और न ही जारी की गई है। नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है, जिसके तहत बिना अनुमति पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और अनधिकृत प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है।
लुटियंस दिल्ली में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित
सुरक्षा कारणों से लुटियंस दिल्ली के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर भी असर पड़ा है। प्रशासन के अगले आदेश तक इन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।
यातायात पर भी असर
संसद भवन, प्रधानमंत्री आवास, अशोका रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
पांच मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने निम्नलिखित मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है—
- जनपथ
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- केंद्रीय सचिवालय
- सेवा तीर्थ
इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही फिलहाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर
दिल्ली पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रखा गया है।
Join the conversation