Delhi News: किसान महापंचायत को लेकर दिल्ली में अलर्ट, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी; कई मार्गों पर रहेगा असर
नई दिल्ली
देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल महापंचायत और महारैली आयोजित की जाएगी। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से प्रभावित मार्गों से बचने और समय से पहले यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
सुबह से लागू हो सकते हैं ट्रैफिक प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सुबह 8:30 बजे से आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।
इन मार्गों से बचने की सलाह
पुलिस ने यात्रियों को निम्नलिखित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है—
- सत्याग्रह मार्ग
- वेलोड्रोम रोड
- राजघाट डीटीसी डिपो रोड
- किसान घाट के आसपास के क्षेत्र
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जाने वाले लोगों से समय से पहले घर से निकलने का अनुरोध किया गया है।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से गेहूं, धान, डेयरी और सब्जी उत्पादक किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका दावा है कि सस्ते आयात से मंडियों में कीमतें गिरेंगी और छोटे किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
किसानों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं—
- भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता रद्द किया जाए।
- न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी दी जाए।
- किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी नीति लागू की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हाल के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनुसार राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सख्त है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
Join the conversation