E-Paper (Edition)

Sainv Sandesh का E-Paper अब पढ़ें ऑनलाइन।

Read Weekly E-Paper

Rajasthan News: राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस में लगी आग; आठ श्रद्धालुओं की मौत

जयपुर/दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे बस में सवार कई यात्री उसकी चपेट में आ गए।

Photo AUP

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास रात करीब 2:30 बजे हुई। बस में कुल 37 यात्री सवार थे। हादसे में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो अन्य यात्रियों ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों को तत्काल दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने बचाई कई यात्रियों की जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरी बस धधकने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई यात्रियों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस काफी देर तक जलती रही, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी कठिनाई आई।

बस में सिगरेट के पैकेट होने का दावा

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि बस के सामान रखने वाले हिस्से में बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल सकती है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।




📺 Live News Videos