Ranchi News: मुआवजे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फ्लाईओवर साइट पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच पथराव, कई घायल

झारखंड के पलामू जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। चियांकी स्थित निर्माण स्थल पर प्रशासनिक टीम और स्थानीय ग्रामीण आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना में कई ग्रामीणों के साथ सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।

पथराव में जैप जवान गंभीर रूप से घायल

हिंसक झड़प के दौरान झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं एक महिला सहायक पुलिसकर्मी के पैर में भी चोट लगी है। सभी घायलों को तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मुआवजे को लेकर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अभी तक प्रभावित ग्रामीणों को नहीं मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया। उनका कहना है कि जब तक पूरा मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।

भारी पुलिस बल तैनात, हालात पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। प्रशासन ने पहले ही इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 लागू कर रखी थी, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए।

प्रशासन का दावा- जल्द मिलेगा मुआवजा

प्रशासन का कहना है कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तकनीकी और दस्तावेजी कारणों से लंबित है। अधिकारियों के मुताबिक आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही प्रभावित परिवारों को मुआवजे का भुगतान कर दिया जाएगा। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की गई है।

इलाके में तनाव, जांच शुरू

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

📺 Live News Videos