अमरोहा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, मां-बेटे समेत 3 की मौत

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के ताजपुर डूंगर गांव में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार किसान मुरारी अपने खेत में नया मकान बनवा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे लिंटर की ढलाई पूरी होने के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए परिवार के सदस्य और रिश्तेदार निर्माणाधीन मकान के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान लिंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा और सभी मलबे में दब गए।

Photo AUP

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे नौ लोगों को बाहर निकाला। हादसे में मीना (26), उनके दो वर्षीय बेटे जसप्रीत और सुमरती (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिव कुमार, नवीन, केशवराम, प्रशांत, शिवम और रवि घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

डीएम ने बताया कि मृतकों के परिजनों को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम और लेखपालों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम में निर्माणाधीन मकानों पर लिंटर डालने की अनुमति न दी जाए तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए।

यह हादसा बरसात के दौरान निर्माण कार्य में बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को एक बार फिर उजागर करता है।

📺 Live News Videos

Sainv Makeover & Academy | Beauty Parlour Course Admission Open | 📧 sainvmakeoverandacademy@gmail.com | 📞 7007909006 | आज ही अपना Admission सुनिश्चित करें।