बहराइच: बारिश से धान की फसल को मिली संजीवनी, किसानों को सिंचाई खर्च बचने की उम्मीद
बहराइच। जिले में देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिली। जिले में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश से सबसे ज्यादा राहत किसानों को मिली है। पर्याप्त बारिश न होने से सूख रही धान की फसल को बारिश से संजीवनी मिली है। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों को अब सिंचाई पर होने वाले खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
किसान सुरेश यादव ने बताया कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंच गई है, जिससे धान की फसल को फायदा होगा।
अगले 24 घंटे में बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ पीएल त्रिपाठी ने आगामी 24 घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश होने के संकेत दिए हैं। उन्होंने किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
ग्रामीण इलाकों में जलभराव से परेशानी
हालांकि बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। रिसिया के नरसिंगडीहा बाजार मार्ग पर पानी भरने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जलभराव के लिए नालियों की नियमित सफाई न होने को जिम्मेदार बताया।
Join the conversation