UP: लखनऊ से गोवा की सीधी उड़ान बंद, यात्रियों की कमी बनी वजह; सितंबर में बहाली की उम्मीद

लखनऊ: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गोवा जाने वाली सीधी उड़ान सेवा फिलहाल बंद हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों की घटती संख्या के चलते यह फैसला लिया है। हालांकि, एयरलाइन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सितंबर में इस उड़ान को दोबारा शुरू किया जा सकता है।


Photo X-@IndiGo6E

लखनऊ से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-399 अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:15 बजे उड़ान भरकर शाम 5:34 बजे गोवा पहुंचती थी। वहीं, वापसी में उड़ान 6E-6811 शाम 6:04 बजे गोवा से रवाना होकर रात 8:21 बजे लखनऊ पहुंचती थी।

अब यात्रियों को करना पड़ रहा कनेक्टिंग फ्लाइट का इस्तेमाल

सीधी उड़ान के दौरान लखनऊ से गोवा का टिकट करीब 7 से 8 हजार रुपये में मिल जाता था। उड़ान बंद होने के बाद यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ टिकट का खर्च भी बढ़ गया है। अब यात्रियों को करीब 12 से 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

लखनऊ से सीधी उड़ानों की संख्या घट रही

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ानों की संख्या लगातार कम हो रही है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान भी बंद कर दी गई थी। इससे श्रीनगर जाने वाले यात्रियों को अब दिल्ली के रास्ते सफर करना पड़ रहा है।

सितंबर में बहाल हो सकती है उड़ान

एयरलाइन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यात्रियों की कम संख्या के कारण फिलहाल लखनऊ-गोवा सीधी उड़ान का संचालन बंद किया गया है। हालांकि सितंबर में इसे दोबारा बहाल किए जाने की संभावना है। ठंड और नए साल के दौरान गोवा जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

फिलहाल एयरलाइन प्रशासन ने उड़ान दोबारा शुरू करने को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है।

📺 Live News Videos