E-Paper (Edition)

Sainv Sandesh का E-Paper अब पढ़ें ऑनलाइन।

Read Weekly E-Paper

लखनऊ में सावन महोत्सव के झूले की ट्रॉली टूटी, तीन युवतियां घायल; संचालक और आयोजक के खिलाफ एफआईआर

Lucknow News: इंदिरानगर के सेक्टर-8 स्थित कुबेर जी लॉन में चल रहे सावन महोत्सव में झूले की ट्रॉली टूटने से तीन युवतियां घायल हो गईं। मामले में पुलिस ने झूले का संचालन बंद करा दिया है और झूला संचालक व आयोजक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।


Photo AUP

लखनऊ। इंदिरानगर सेक्टर-8 स्थित कुबेर जी लॉन में चल रहे सावन महोत्सव में मंगलवार शाम झूले की ट्रॉली टूटने से हादसा हो गया। हादसे में विभूतिखंड निवासी निशा, अंकिता और नैंसी घायल हो गईं। इनमें निशा और अंकिता को गंभीर चोटें आई हैं और दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद पुलिस ने बुधवार को झूले का संचालन बंद करा दिया। घायल युवती के पिता की तहरीर पर गाजीपुर थाने में झूला संचालक और आयोजक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आयोजनकर्ताओं की लापरवाही सामने आई है। जांच के दौरान पार्किंग और लोगों के आने-जाने के रास्तों से जुड़े मानकों का पालन भी नहीं मिला। इसके अलावा झूलों के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों की ओर से ऐसे आयोजनों को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन उन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

30 रुपये था टिकट शुल्क

सावन महोत्सव में आने वाले लोगों से प्रति व्यक्ति 30 रुपये का टिकट शुल्क लिया जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने झूले का संचालन बंद करा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि झूला संचालक और आयोजक के खिलाफ लापरवाही से मशीनरी चलाने और लोगों को चोट पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

📺 Live News Videos