UP: महिलाओं ने अखिलेश यादव को बांधी राखी, बोले- भाजपा चाहती तो जेपीएनआईसी का काम पूरा हो सकता था
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। अखिलेश यादव ने भी महिलाओं को शगुन का लिफाफा देकर पर्व की बधाई दी।
कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को निजी कंपनी को लीज पर देने के फैसले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
भाजपा चाहती तो पूरा हो सकता था जेपीएनआईसी का काम
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने गठन के समय जयप्रकाश नारायण की तस्वीर लगाई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भाजपा सरकार चाहती तो जेपीएनआईसी की अधूरी इमारत का काम पूरा कराया जा सकता था।
उन्होंने कहा कि यह इमारत जनता के पैसे से बनाई गई है और ठेकेदार को पूरा भुगतान भी किया जा चुका है। इसके बावजूद सेंटर का काम पूरा नहीं कराया गया। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी समाजवादी विचारधारा के रास्ते पर आगे बढ़ती रहेगी।
महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का ऐलान
राष्ट्रीय महिला समानता दिवस के अवसर पर अखिलेश यादव और मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ की घोषणा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी कहा कि इससे कोई समझौता नहीं होगा।
योजना के तहत छात्राओं को इंटर पास होने के बाद लैपटॉप और साइकिल देने तथा महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की बात कही गई। छात्राओं के लिए मेट्रो सफर मुफ्त करने का भी ऐलान किया गया।
26 हजार बंद प्राइमरी स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बंद किए गए सभी 26 हजार प्राइमरी स्कूल फिर खोले जाएंगे। सरकारी स्कूलों में फीस माफ और निजी स्कूलों में फीस आधी करने की बात कही।
उन्होंने न्यूट्रिशन मिशन योजना दोबारा शुरू करने और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने का भी दावा किया। अखिलेश ने कहा कि ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ आधी आबादी की पूरी आजादी का संकल्प है।
Join the conversation