UP BJP Organization: चुनाव से पहले भाजपा में बड़ा फेरबदल, 6 क्षेत्रीय प्रभारियों और 7 मोर्चों की नियुक्ति!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को छह क्षेत्रीय प्रभारियों और सात मोर्चों के प्रभारियों की नियुक्ति की। नई जिम्मेदारियों में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखने की कोशिश दिखाई दे रही है।


Photo NT

छह क्षेत्रों में बदले प्रभारी

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं अभिजात मिश्रा को गोरक्ष क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र और प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र और शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

सात मोर्चों के लिए भी प्रभारी नियुक्त

भाजपा ने मुख्यालय स्तर पर सात मोर्चों के प्रभारियों की भी घोषणा की है।

  • अनुसूचित मोर्चा: डॉ. धर्मेंद्र सिंह
  • महिला मोर्चा: कामेश्वर सिंह
  • युवा मोर्चा: राजेश चौधरी
  • अनुसूचित जनजाति मोर्चा: डॉ. प्रियंका रावत
  • अल्पसंख्यक मोर्चा: देवेश कोरी
  • किसान मोर्चा: शंकर गिरी
  • पिछड़ा मोर्चा: संजय राय

वहीं विधान परिषद सदस्य और पूर्व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को एक बार फिर मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वह पहले भी संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी के साथ मुख्यालय प्रभारी का काम संभाल चुके हैं।

क्षेत्रीय संगठन पर रहेगी प्रभारियों की नजर

चुनावी तैयारियों के लिहाज से इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है। क्षेत्र प्रभारी प्रदेश संगठन और क्षेत्रीय, जिला व मंडल स्तर के संगठन के बीच समन्वय का काम करेंगे।

इसके साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाना और सामाजिक संपर्क अभियानों को गति देना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। वहीं अलग-अलग मोर्चों के प्रभारी संबंधित सामाजिक समूहों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने पर काम करेंगे।

यतेंद्र शर्मा बने मीडिया प्रभारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा को पार्टी का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक बनाया गया है।

प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ का संयोजक और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक बनाया गया है।

इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को क्षेत्रीय, सामाजिक और बूथ स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अपना फोकस स्पष्ट कर दिया है।

📺 Live News Videos

Sainv Makeover & Academy | Beauty Parlour Course Admission Open | 📧 sainvmakeoverandacademy@gmail.com | 📞 7007909006 | आज ही अपना Admission सुनिश्चित करें।