यूपी: बढ़ी स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या, लखनऊ में तीन नए केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
Swine Flu in UP: लखनऊ में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इनमें दो मरीज बलरामपुर अस्पताल के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती हैं, जबकि एक मरीज का इलाज लोहिया संस्थान में चल रहा है। सभी मरीजों में फिलहाल हल्के लक्षण बताए जा रहे हैं।
राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इंदिरानगर और आदिलनगर के एक-एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों को सर्दी-जुकाम, बुखार और गले में खराश की शिकायत थी। इसके बाद उन्होंने निरालानगर स्थित निजी पैथोलॉजी सेंटर में जांच कराई, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सांस लेने में परेशानी होने पर दो मरीजों को परिजनों ने बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी के अनुसार, दोनों मरीजों में स्वाइन फ्लू के हल्के लक्षण हैं। वहीं लोहिया संस्थान में भर्ती तीसरे मरीज की हालत में भी सुधार बताया गया है।
सीएमओ ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। किसी भी आपात स्थिति में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि बुखार, जुकाम, खांसी या गले में खराश जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर से सलाह लें। जरूरत पड़ने पर जांच भी कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खुद से दवा लेने और अप्रशिक्षित व्यक्ति से इलाज कराने से बचने की सलाह दी है।
एसजीपीजीआई में कोरोना और स्वाइन फ्लू के आठ-आठ मरीज
एसजीपीजीआई में पिछले 15 दिनों में कोरोना और स्वाइन फ्लू के कुल 16 मरीज सामने आए हैं। इनमें आठ मरीज स्वाइन फ्लू और आठ मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संस्थान की ओर से इनकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेजी गई है।
एसजीपीजीआई के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. रूंगमेई एसके मारक के मुताबिक, इस मौसम में इन्फ्लुएंजा का खतरा बना हुआ है। कुछ मरीजों में ऑपरेशन से पहले हुई जांच के दौरान कोरोना और स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई, जबकि कुछ मरीजों की लक्षणों के आधार पर ओपीडी में जांच की गई थी।
मास्क पहनने और सावधानी बरतने की अपील
एसजीपीजीआई प्रशासन ने संक्रमण से बचाव के लिए लोगों से मास्क पहनने, हाथों को साफ रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। किसी तरह के लक्षण दिखाई देने पर खुद को आइसोलेट करने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
हालांकि, एसजीपीजीआई के सीएमएस डॉ. देवेंद्र गुप्ता ने नए स्वाइन फ्लू मरीज मिलने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि कोरोना का एक मरीज भर्ती था, जिसे ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।

Join the conversation