UP: दो दिन में 80 लाख महिलाओं और सहयात्रियों ने किया मुफ्त बस सफर, रक्षाबंधन पर जमकर मिला लाभ
Rakshabandhan Bus Travel: रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना का प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। 28 अगस्त को ही 49.96 लाख से अधिक महिलाओं और उनके सहयात्रियों को बिना किराया यात्रा की सुविधा मिली। वहीं 29 अगस्त की शाम 5 बजे तक करीब 80 लाख महिलाएं और सहयात्री इस सुविधा का लाभ उठा चुके थे। निशुल्क यात्रा की सुविधा शनिवार रात 12 बजे तक जारी रही।
परिवहन निगम के मुताबिक 27 अगस्त को 9.26 लाख से अधिक महिलाओं और सहयात्रियों ने योजना का लाभ उठाया। इनमें 6.03 लाख से अधिक महिलाएं और 3.22 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल थे।
इसके बाद 28 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन यात्रियों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। इस दिन 49.96 लाख से ज्यादा निशुल्क टिकट जारी किए गए। इनमें 32.47 लाख से अधिक महिलाएं और 17.48 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल रहे।
दो दिन में 59.23 लाख से ज्यादा टिकट जारी
27 और 28 अगस्त के उपलब्ध आंकड़ों को मिलाकर दो दिनों में 59.23 लाख से अधिक निशुल्क टिकट जारी किए गए। इनमें 38.51 लाख से अधिक महिलाएं और 20.71 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल हैं।
मुफ्त यात्रा की सुविधा से रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में परिवारों को आर्थिक राहत मिली और महिलाओं के लिए अपने भाइयों तक पहुंचना आसान हुआ।
बुजुर्ग महिलाओं को भी मिली मुफ्त यात्रा
शुक्रवार से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को भी परिवहन निगम की सामान्य बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने लगी।
परिवहन निगम की ओर से पात्र बुजुर्ग महिलाओं को शून्य शुल्क वाले टिकट जारी किए गए। 28 अगस्त को यात्रा करने वाली 32.47 लाख से अधिक महिलाओं में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल रहीं।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चलीं अतिरिक्त बसें
रक्षाबंधन पर संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों का संचालन किया। प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई और यात्रियों की सुविधा के लिए निगरानी बढ़ाई गई।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने बसों के संचालन, भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
शनिवार रात तक जारी रही मुफ्त यात्रा
परिवहन निगम के अनुसार तीन दिवसीय निशुल्क यात्रा के अंतिम आंकड़े शनिवार रात 12 बजे तक जारी किए गए शून्य शुल्क टिकटों का पूरा डाटा अपडेट होने के बाद सामने आएंगे। ऐसे में लाभार्थियों की कुल संख्या अभी और बढ़ने की उम्मीद है।

Join the conversation