अखिलेश यादव का PDA रथ लखनऊ से रायबरेली रवाना, पोस्टर वॉर से बढ़ी सियासी हलचल!
यूपी: अखिलेश यादव का PDA रथ लखनऊ से रायबरेली रवाना, शहर में पोस्टर वॉर से बढ़ी सियासी हलचल
रायबरेली पहुंचकर अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं से मुलाकात और जनसभा करेंगे। यात्रा के दौरान हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर भी उनके पहुंचने का कार्यक्रम है।
क्या है PDA रथ?
समाजवादी पार्टी का PDA रथ एक विशेष प्रचार वाहन है, जिसे पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार किया है। PDA का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से है।
अखिलेश यादव की इस यात्रा को पार्टी के आगामी चुनावी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि चुनावी अभियान को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं।
रायबरेली पहुंचने से पहले पोस्टर वॉर
अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने से पहले शहर में पोस्टरबाजी भी देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए कुछ पोस्टरों में सपा अध्यक्ष के खिलाफ राजनीतिक संदेश लिखे गए।
एक पोस्टर में “लाल टोपी, साइकिल... यही है गुंडों की पहचान” लिखा गया, जबकि दूसरे पोस्टर में “योगी राज में कानून से गुंडई नहीं चलेगी” जैसे संदेश दिए गए। पोस्टरबाजी को लेकर रायबरेली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
वहीं, अखिलेश यादव के समर्थन में भी पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इससे रायबरेली में उनके दौरे से पहले राजनीतिक संदेशों का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है।
2027 चुनाव से पहले सक्रिय हो रही सपा
PDA रथ के जरिए अखिलेश यादव का रायबरेली दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी तैयारियां तेज कर रहे हैं। सपा ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और PDA से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक अभियान में प्रमुखता देने की दिशा में गतिविधियां बढ़ाई हैं।
Join the conversation