दिल्ली में स्वतंत्र भारद्वाज की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन, संसद मार्ग थाने पर रिहाई की मांग!
दिल्ली: स्वतंत्र भारद्वाज की हिरासत के विरोध में संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन, रिहाई की मांग
शिवम ठाकुर और दक्ष चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शन; प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की
नई दिल्ली। स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिए जाने के विरोध में शनिवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शिवम ठाकुर और दक्ष चौधरी के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी स्वतंत्र भारद्वाज की रिहाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निशु आजाद की ओर से स्वतंत्र भारद्वाज पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उनका यह भी आरोप है कि मामले में एससी/एसटी एक्ट का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप भी लगाया गया।
बुलंदशहर से हिरासत में लिए गए स्वतंत्र भारद्वाज
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, जुलाई में दिल्ली में हुए एक प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज का नाम सामने आया था। मामले को लेकर एक पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज द्वारा कथित तौर पर संजय कुमार पर हमला करने की बात स्वीकार किए जाने का भी दावा किया गया है।
गिरफ्तारी की मांग के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
इस मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन भी किया गया था। बताया गया कि पुलिस की ओर से 72 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया।
कई धाराओं में मामला दर्ज
सीजेपी के सह संयोजक सौरभ दास के अनुसार, स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में एससी/एसटी अधिनियम के साथ बीएनएस की धाराएं शामिल की गई हैं। इनमें पीछा करने और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने से संबंधित धाराएं भी शामिल होने की बात कही गई है। इसके अलावा आईटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है। वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने निष्पक्ष जांच और उनकी रिहाई की मांग की है।
Join the conversation