जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे सीएम योगी, बोले- कर्म करो, बाकी चिंता कृष्ण कन्हैया करेंगे |
जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे सीएम योगी, बोले- कर्म करो, बाकी चिंता कृष्ण कन्हैया करेंगे| मुख्यमंत्री बनने के बाद 20वीं बार जन्मस्थान पहुंचे योगी आदित्यनाथ, गोमाता का पूजन कर लाला के किए दर्शन
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी श्रीकृष्ण जन्मभूमि की 20वीं यात्रा रही। उन्होंने सबसे पहले गोमाता का पूजन किया और चांदी से सजे गर्भगृह में विराजमान बाल कृष्ण यानी लाला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर गर्भगृह की दीवारों को चांदी की परत से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने काफी देर तक गर्भगृह की अलौकिक छटा और लाला के मनमोहक स्वरूप को निहारा। इसके बाद उन्होंने योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि की कामना की।
उज्जैन से आए कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
जन्मभूमि परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे उज्जैन से आए कलाकारों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में रहे।
मंदिर पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजी एसके भगत, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार सहित रालोद जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे।
योगमाया और विंध्यवासिनी धाम का किया उल्लेख
योगमाया मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसी धरती पर योगमाया ने अवतरित होकर कंस के अहंकार को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि वही योगमाया विंध्यवासिनी धाम में भी प्रकट हुई थीं। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे सीएम योगी, बोले- कर्म करो, बाकी चिंता कृष्ण कन्हैया करेंगे योगमाया के प्रति आस्था ने विंध्यवासिनी धाम को एक भव्य परिसर उपलब्ध कराया है।
अयोध्या के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्यावासियों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वहां इतना भव्य विकास होगा। उन्होंने कहा कि पहले सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं थी और जगह-जगह गंदगी रहती थी। अयोध्या रेलवे की सिंगल लाइन से जुड़ा था, जबकि अब रेलवे की डबल लाइन हो चुकी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अब प्रतिदिन करीब एक लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और त्योहारों के दौरान यह संख्या 50 लाख तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन चुका है और कनेक्टिविटी के लिए चारों ओर से फोरलेन सड़कें तैयार हो चुकी हैं।
बोले- अर्जुन, तुम निमित्त मात्र हो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण के गीता संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा था कि तुम निमित्त मात्र हो, अपना कर्तव्य करो। उन्होंने कहा कि यदि निष्काम भाव से कर्म किया जाए तो उसका परिणाम अवश्य मिलता है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को देश, समाज और परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। ऐसा करने से देश और प्रदेश को विकसित बनने में देर नहीं लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश है कि कर्म करो और अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहो। बाकी चिंता कृष्ण कन्हैया करेंगे।
Join the conversation