ध्रुव राठी मानहानि केस में साकेत कोर्ट में सुनवाई, वकील ने बताया लंदन में हैं
ध्रुव राठी मानहानि मामला: साकेत कोर्ट में सुनवाई, वकील ने बताया- लंदन में हैं यूट्यूबर
नई दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी से जुड़े वर्ष 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में शनिवार को दिल्ली की साकेत कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान ध्रुव राठी की ओर से उनके अधिवक्ता अदालत में पेश हुए। अधिवक्ता ने बताया कि राठी लंदन चले गए हैं, इसलिए वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित नहीं हो सके।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-दो’ से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे आरोप लगाए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
अदालत ने जारी किया था नया समन
मामले में साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने 12 अक्टूबर को शिकायतकर्ता की अर्जी पर सुनवाई के बाद नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत में बताया गया था कि ध्रुव राठी सामान्य तौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और उस समय भारत में मौजूद हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता को प्रक्रिया सर्वर के साथ जाकर समन तामील कराने की अनुमति दी गई थी।
गुरुग्राम स्थित आवास पर चस्पा किया गया नोटिस
मामले से जुड़ी जानकारी के अनुसार, ध्रुव राठी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद अदालत की ओर से जारी समन का नोटिस गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके आवास के बाहर चस्पा किया गया।
शनिवार की सुनवाई में उनके अधिवक्ता ने अदालत को उनके लंदन में होने की जानकारी दी। मामले में आगे की कार्रवाई अदालत के आगामी आदेशों के अनुसार होगी।

Join the conversation