मेरी कलम (बढ़ती सड़क दुघर्टनाओं से देश आहत)
मेरी कलम ...
स्वप्निल द्विवेदी
*बढ़ती सड़क दुघर्टनाओं से देश आहत-*
व्यक्ति जब अपनें सपनों को साकार करने के लिए घर से कदम बढ़ाता है तो उसे नहीं पता कि अगले पल उसके साथ कौन सी घटना या दुर्घटना होने वाली है। अचानक परिजनों को सूचना मिलती है कि आपके पति,बेटे,भाई या पिता की सड़क दुघर्टना में मृत्यु हो गई है,यह खबर सुनकर परिजनों पर कैसा बज्रपात होता होगा इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। वर्ष 2025 के आंकड़े बताते हैं कि देश में कुल 5,13,563 सड़क दुघर्टनाएं दर्ज की गईं जिनमें कुल 1,83,382 लोगों ने अपनी जान गंवाई।औसतन देखा जाए तो लगभग 502 व्यक्ति रोजाना और प्रत्येक घंटे लगभग 21 व्यक्ति कालकलवित हुए।ये आंकड़े सड़क दुघर्टनाओं की भयावहता की चीख-चीखकर गवाही देते हैं।
देश में सड़क दुघर्टना के आंकड़ों में तमिलनाडु पहला और उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। हालांकि सड़क दुघर्टनाओं में बहुआयामी सुधार के लिए केन्द्र सरकार ने '4 E ' रणनीति भी तैयार की है ।पहला इ अर्थात एजुकेशन जिसके अन्तर्गत नागरिकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी प्रदान करना दूसरा इंजीनियरिंग जिसके अन्तर्गत सड़कों के बुनियादी ढांचों और वाहनों की गुणवत्ता और डिजाइन में सुधार करना,तीसरा इम्फोर्समेंट अर्थात यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करना तथा चौथा इमरजेंसी जिसके अन्तर्गत सड़क दुघर्टनाओं के शिकार लोगों को तुरंत सहायता प्रदान करने व्यवस्था करना है।
*पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क दुघर्टना से देवरिया गमगीन -*
बात उत्तर प्रदेश की करें तो पिछले एक सप्ताह में पुर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दो बड़ी सड़क दुघर्टनाएं घटीं जिनमें आठ लोगों की जान चली गई।पहली दुर्घटना 4 अक्टूबर दिन रविवार को सुल्तानपुर के निकट घटी जिनमें शहीद जवान सूबेदार सत्यवान सिंह पुत्र जय सिंह जिनकी मृत्यु 1 अक्टूबर दिन गुरुवार को चंडीगढ़ के कमांड अस्पताल में हुई थी,का पार्थिव शरीर ला रही एम्बुलेंस रास्ते में खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई और हादसे में यशपाल सिंह पुत्र सुरेन्द्र पाल (45),जवान के बड़े भाई रामसमुझ पुत्र जय सिंह (55),जवान का बेटा गौरव सिंह (18) और रामप्रीत चौधरी (32) की मृत्यु हो गई।और दूसरी दुर्घटना 7 अक्टूबर दिन बुधवार की सुबह बल्दीराय क्षेत्र में किमी 97 पर घटी जिनमें देवरिया के ही चार नवोदित क्रिकेट खिलाड़ी मइल थाना क्षेत्र के बगहां निवासी नित्या प्रजापति (25) पुत्र मनोज प्रजापति,बलिया दक्षिण गांव के इरफान अंसारी उर्फ राज (22) पुत्र इश्तियाक अहमद,लार थाना क्षेत्र के चुरियां गांव निवासी अनिकेत सिंह (22) पुत्र अमरजीत सिंह और कोहरा गांव निवासी आनंद यादव (20) पुत्र स्व नंद जी यादव जो लखनऊ में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट को खेलकर वापस घर लौट रहे थे,की दर्दनाक मौत हो गईं हालांकि प्रारम्भिक जानकारी में दोनों घटना रास्ते में खड़े ट्रक में वाहन के पीछे से टकराने से घटी हालांकि दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की पुलिस जांच कर रही है। दोनों दुर्घटनाओं की खबर ने समूचे जनपद वासियों को स्तब्ध और गमगीन कर दिया। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक परिवार को 2 लाख रुपए आर्थिक सहायता की घोषणा की।
*सड़क दुघर्टनाओं की रोकथाम के लिए योगी सरकार सचेत-*
योगी सरकार ने सड़क दुघर्टनाओं की रोकथाम के लिए अपने बजट 2026-27 के तहत 'जीरो फैटिलीटी विजन' योजना के अन्तर्गत 50 करोड़ का प्रावधान किया है लिहाजा गुणात्मक सुधार भी हो रहे हैं लेकिन अपने तकनीकी को और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाकर हादसों की संख्या में कमी लाई जा सकती है। विदेशों में भ्रमण के दौरान प्रायः ऐसा देखा गया है कि यदि कोई वाहन हाईवे पर खड़ा है या दुर्घटनाग्रस्त हो गया है तो इसकी सूचना उस सड़क पर चल रहे सभी वाहनों को सांकेतिक रूप से प्राप्त होने लगती है जिससे चालक पहले से ही सचेत हो जाते हैं।हाइवे पर प्रत्येक 20 किमी पर एक अत्याधुनिक इमरजेंसी अस्पताल अवश्य होना चाहिए जिससे समय रहते हादसे के शिकार लोगों की जान बचाई जा सके।
देश में सड़क दुघर्टनाओं में 18 से 35 वर्ष के युवाओं की मृत्यु सबसे अधिक हुई है नतीजतन सड़क यातायात सुरक्षा में सुधार अवश्यंभावी हो गया है।
अस्वीकरण: इस लेख में व्यक्त विचार एवं राय लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं। इन्हें साईनव संदेश का आधिकारिक मत न माना जाए। लेख में प्रस्तुत तथ्यों, दावों एवं विचारों के संबंध में लेखक की ओर से उपलब्ध जानकारी के आधार पर लेख प्रस्तुत किया गया है। आवश्यकतानुसार Sainv Sandesh द्वारा संपादकीय समीक्षा एवं तथ्य-जांच की जा सकती है।
विशेष संवाददाता — पूर्वांचल


Join the conversation