Lucknow News : कांशीराम कॉलोनी तक सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग, व्यापार मंडल ने दी चेतावनी
लखनऊ: कांशीराम कॉलोनी तक स्वीकृत सड़क का निर्माण शुरू कराने की मांग, व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी
लखनऊ/सरोजनी नगर। सरोजनी नगर क्षेत्र में कानपुर रोड से मान्यवर कांशीराम कॉलोनी तक स्वीकृत सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश क्रांति उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में क्षेत्रवासियों और व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द काम शुरू कराने की मांग की गई।
बैठक मान्यवर कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र में तिवारी जी के प्लॉट के पीछे आयोजित हुई। इसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने सड़क की खराब स्थिति तथा नाली निर्माण नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानियों पर चर्चा की।
70.15 लाख रुपये से अधिक का टेंडर जारी होने का दावा
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से 27 जून 2026 को मेसर्स पुष्पा कंस्ट्रक्शन को सड़क और नाली निर्माण के लिए 70,15,929.43 रुपये की लागत का टेंडर और अनुबंध जारी किया गया था। संगठन का कहना है कि स्वीकृति और बजट आवंटन के बावजूद अब तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
पदाधिकारियों के मुताबिक, सड़क की बदहाली और नालियों का निर्माण नहीं होने से स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए सड़क और नाली का निर्माण जल्द पूरा कराया जाना जरूरी है।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
बैठक में व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत सड़क और नाली निर्माण का काम तत्काल शुरू कराया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए उचित पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
उत्तर प्रदेश क्रांति उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि सड़क निर्माण में देरी से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो व्यापार मंडल क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को लेकर आवाज उठाएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह यादव, प्रदेश संरक्षक हरिशंकर यादव, प्रदेश महिला अध्यक्ष बौद्धमती विमला देवी, विधानसभा सचिव कौशलेन्द्र यादव, इकाई अध्यक्ष सचिन और संगठन मंत्री लाल बहादुर गौतम सहित अन्य पदाधिकारी, स्थानीय निवासी और व्यापारी मौजूद रहे।


Join the conversation